मुजफ्फरनगर में हलवाई पर जानलेवा हमला, तमंचे से फायरिंग और इंस्टाग्राम पर धमकी का आरोप
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। शादी-समारोहों में खाना बनाने का काम करने वाले एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस) को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम घटायन दक्षिणी निवासी रोहित कश्यप पुत्र राजकुमार ने बताया कि वह पेशे से हलवाई है। बीते 19 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:00 बजे वह कस्बा जानसठ में एक शादी का काम निपटाकर अपने साथी अंकित के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। पीड़ित का आरोप है कि रास्ते में मोहल्ला करीमुल्ला पट्टी निवासी नीशू और अक्षय उर्फ आसू (पुत्रगण रामपाल उर्फ पाल) ने तीन अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे जबरन रोक लिया।
फायरिंग में बाल-बाल बचा पीड़ित
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले रोहित के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसे लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि इसी दौरान अक्षय उर्फ आसू ने जान से मारने की नीयत से अपनी कमर से तमंचा निकालकर रोहित पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। शोर शराबा सुनकर राहगीरों को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ दी जा रही धमकी
रोहित ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घटना के बाद से आरोपी नीशू अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर तमंचे के साथ अपनी फोटो लगाकर उसे लगातार डरा-धमका रहा है। पीड़ित ने इन धमकियों के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपे हैं।
पुरानी रंजिश और झूठे केस का डर
पीड़ित का दावा है कि आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। पूर्व में भी आरोपियों ने अपनी बहन के जरिए उस पर एक झूठा प्रार्थना पत्र दिलवाया था, जिसमें बाद में समझौता हो गया था। अब आरोपी उसे दोबारा किसी झूठे बलात्कार के केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं।
रोहित ने कहा कि "आरोपी दबंग और गिरोहबंद किस्म के व्यक्ति हैं। मुझे और मेरे परिवार को उनसे जान का खतरा है, जिसके कारण मैं दहशत में हूँ।"
फिलहाल, पीड़ित ने मुजफ्फरनगर पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां