मतदाता सूची पुनरीक्षण: 6 मार्च तक दावे-आपत्तियां, 10 अप्रैल को अंतिम प्रकाशन
मुजफ्फरनगर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने की, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की संशोधित तिथियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि अब 6 मार्च तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 27 मार्च तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 अप्रैल को किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वे सभी नागरिक, जो 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या कर लेंगे, अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। साथ ही नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रारूप में आवेदन देकर सुधार भी कराया जा सकता है।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में कुल 4,46,305 नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 2,51,788 नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जो कुल कार्य का 56.41 प्रतिशत है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बूथ लेवल अधिकारियों पर बढ़ते कार्यभार को देखते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती का सुझाव दिया। इस पर प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि जिन नागरिकों का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नोटिस मिलने पर आयोग द्वारा स्वीकृत 13 वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत कर सकते हैं।
बैठक में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी तथा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां