मेरठ। यात्री सुविधा नमो भारत की मुख्य रूपरेखा है। एनसीआरटीसी ने यात्रियों के लिए निर्बाध और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कई पहल शुरू की हैं। सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी ने इस कॉरिडोर के स्टेशनों पर 8,000 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई है।
नमो भारत में ये होगी पार्किंग व्यवस्था
यदि स्टेशन की बात की जाए तो गाजियाबाद पर सबसे बड़ी (चारपहिया वाहनों के लिए) पार्किंग बनाई गई है। इस स्टेशन पर 370 चारपहिया और 632 दुपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं। ये स्टेशन दिल्ली-मेरठ रोड पर है, जिसके पास ही दिल्ली मेट्रो का शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन है। इसके अलावा साहिबाबाद स्टेशन पर 76 कारें और 223 दुपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। राजनगर एक्सटेंशन के नजदीक बने गुलधर स्टेशन पर 191 कारें और 848 दुपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं।
दिल्ली में सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर 266 कारें और 837 दुपहिया वाहनों की पार्किंग उपलब्ध हैं। ये स्टेशन मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन का एक बेहतरीन उदाहरण है जहां वीर हकीकत राय आईएसबीटी और मेट्रो स्टेशन के अलावा हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन भी है। दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन पर भी करीब 50 वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था है।
मेरठ साउथ में 289 चार पहिया ओर 854 दोपहिया
मेरठ में भी स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध है। मेरठ साउथ स्टेशन की पार्किंग में 289 चारपहिया और 854 दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं। ये स्टेशन परतापुर बाईपास के नजदीक बना है और इसके पास से ही हरिद्वार एवं रुड़की की बसें उपलब्ध हैं। मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन पर 135 से अधिक कारें और 1,200 से अधिक दुपहिया वाहनों की पार्किंग की जा सकती है। शताब्दी नगर स्टेशन पर भी करीब 120 कारें और 350 से अधिक दुपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं।
देश की सबसे तेज मेरठ मेट्रो 12 स्टेशनों के बीच दौड़ रही है। परतापुर मेट्रो स्टेशन पर करीब 160 दुपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। रिठानी मेट्रो स्टेशन पर भी करीब 80 दुपहिया वाहनों की पार्किंग की जा सकती है। ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन पर 100 से अधिक दुपहिया वाहनो की पार्किंग की जा सकती है। एमईएस कॉलोनी मेट्रो स्टेशन पर भी 60 से अधिक जबकि डौरली स्टेशन पर तकरीबन 100 दुपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकती है।
बेगमपुल नमो भारत स्टेशन में पार्किंग नहीं:-
कई स्टेशनों पर पार्किंग के लिए जगह पर्याप्त उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग आसपास की प्राइवेट पार्किंग का इस्तेमाल कर सकते हैं, जैसे बेगमपुल अंडरग्राउंड नमो भारत स्टेशन के लिए अबु लेन मार्किट में अपने वाहन पार्क किए जा सकते हैं। प्रत्येक स्टेशन पर एनसीआरटीसी ने ड्रॉप ऑफ जोन भी बनाए हैं, ताकि लोगों को स्टेशन के एंट्री-एग्जिट तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी ना हो और मुख्य सड़क पर भी जाम ना लगे। लोग लास्ट माइल कनेक्टिविटी का उपयोग करके जैसे ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा, बस या आदि साधनों के जरिए स्टेशन के ड्रॉप ऑफ जोन तक पहुंच सकते हैं।
ये होगी पार्किंग की दरें:-
पार्किंग दरों की बात की जाए तो उत्तर प्रदेश में सभी स्टेशनों पर साइकिल के लिए 10 मिनट से 6 घंटों के लिए 5 रुपये, दुपहिया वाहनों के लिए 10 रुपये और कारों/एसयूवी के लिए 30 रुपये लगते हैं। 6 से 12 घंटे के लिए दुपहिया वाहनों के 25 रुपये और कारों/एसयूवी के 60 रुपये लगते हैं। 12 से 16 घंटों के लिए साइकिल 10 रुपये और दुपहिया वाहनों के लिए 30 रुपये की दर है। कारों/एसयूवी के लिए 80 रुपये लगते हैं। 16 घंटों से लेकर दिन के परिचालन समय के दौरान तक साइकिल के 10 रुपये, दुपहिया वाहनों के 30 रुपये और कारों/एसयूवी के लिए 100 रुपये लगते हैं। वहीं, दिल्ली में 10 मिनट से लेकर अगले 6 घंटों के लिए साइकिल के 5 रुपये, दुपहिया वाहनों के 20 और कारों/एसयूवी के लिए 50 रुपये लगते हैं। इसके अलावा 16 घंटों से परिचालन समय तक के दुपहिया वाहनों के 50 रुपये तथा कारों/एसयूवी के लिए 100 रुपये की दर तय की गई है।
इतना ही नहीं, नमो भारत कनेक्ट ऐप पर रियल टाइम पार्किंग उपलब्धता के बारे में जानकारी भी मिल जाती है। इसके अलावा एनसीआरटीसी ने दिल्ली से मेरठ तक सभी नमो भारत स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी विकल्प प्रदान करने के लिए किराये पर दोपहिया वाहन, साइकिल और फीडर बस, कैब और ऑटोरिक्शा सहित कई तरह के विभिन्न मोबिलिटी विकल्प प्रदान करने के लिए भागीदारी की है। नमो भारत कनेक्ट ऐप पर यात्रियों को और अधिक सुविधा व आरामदायक बनाने हेतु कई नए फीचर हैं। जैसे लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, लास्ट माइल कनेक्टिविटी विकल्प, स्टेशन सुविधाएं स्टेशन नेविगेशन, खोया पाया आदि।
टिप्पणियां