मेरठ में युवती की बेरहमी से हत्या, चेहरा तेजाब से जलाकर पुलिस चौकी के पास फेंका शव
मेरठ। मेरठ में एक तरफ जहां वीवीआईपी गतिविधियों के चलते पुलिस अलर्ट मोड पर है। वहीं दूसरी ओर अपराधी भी पुलिस व्यवस्था को धता बताते हुए हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मेरठ के मवाना में एक युवती की हत्या कर उसके चेहरे को तेजाब से जलाकर शव पुलिस चौकी के पास फेंक दिया। दिल दहला देने वाली इस घटना से पुलिस व्यवस्था पर प्रश्नचिंहृ लग गया है। मवाना पुलिस चौकी के पास युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
आज प्रधानमंत्री मेरठ में रहेंगे वहीं शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले में तीन घंटे मौजूद रहे। पूरे दिन पुलिस अलर्ट मोड पर थी। हर संदिग्ध व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसके बावजूद मवाना पुलिस चौकी के पास एक युवती की हत्या कर उसका शव फेंककर हत्यारे फरार हो गए। पुलिस को इस हत्याकांड की भनक तक नहीं लगी। शव को देखकर लगता है कि युवती का कत्ल बड़ी बेरहमी से किया गया था। पहचान छिपाने को उसका चेहरा तेजाब से जला दिया गया था। फोरेंसिक टीम की जांच में युवती की हत्या 24 घंटे पहले किए जाने की संभावना जताई है। युवती के शव की अभी तक पहचान नहीं हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। युवती की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
मेरठ-पौड़ी हाईवे पर मवाना पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर फ्लाईओवर है। इसकी सर्विस रोड किनारे एक फार्म हाउस को आर्टिफिशयल चार दीवारी से कवर किया है। शनिवार रात ग्रामीणों ने लगभग 25 वर्षीय युवती का शव पड़ा देखा।
औसतन कद की मृत युवती के शरीर पर काले रंग की लेगिन और टीशर्ट थी। सीधे हाथ में एक कड़ा पहना हुआ था। शव से दुर्गंध आ रही थी। सूचना पर चौकी इंचार्ज सतेंद्र कुमार पहुंचे। महिला सिपाहियों ने शव के कपड़ों की जांच की। आसपास के लोगों से शिनाख्त का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी लोग शव की पहचान नहीं कर पाए।
माना जा रहा है कि युवती की हत्या कहीं दूसरी जगह करके शव यहां फेंका गया है। तेजाब से चेहरा जल जाने से पहचान नहीं हो पा रही है। सीओ पंकज लवानियां ने बताया कि शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जिले के सभी थानों में शव के फोटो भेजे गए है।
फार्म हाउस में कार्यक्रम था, इसी कारण शव पर निगाह लोगों की निगाह पड़ी है। कुछ दूरी मौजूद पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव की जांच की। पुलिस अब डीसीआरबी को सूचना देकर जनपद के सभी थानों से किसी महिला की गुमशुदगी की जानकारी की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां