मेरठ मेट्रो ट्रेन की किराया सूची जानें, अधिकतम किराया 210 और न्यूनतम 20 रुपये निर्धारित
मेरठ। रविवार को एनसीआरटीसी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत सेवाओं को न्यू अशोक नगर स्टेशन से सराय काले खां स्टेशन और मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम स्टेशन तक विस्तारित किया है। इसके अलावा, मेरठ मेट्रो की सेवाएं मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम स्टेशन तक शुरू हो रही हैं।
नमो भारत सेवाएं दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक, सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ स्टेशनों पर उपलब्ध होंगी। मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रम्हपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, डौरली, मेरठ नॉर्थ और मोदीपुरम स्टेशनों पर मेरठ मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होगी।
एनसीआरटीसी ने आरआरटीएस कॉरिडोर के पूरे रूट का किराया सूची जारी कर दी है। जारी किराया सूची के अनुसार दिल्ली के सरायकाले खां नमो भारत स्टेशन से मेरठ के मोदीपुरम नमो भारत स्टेशन तक यात्रियों को 210 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं नमो भारत ट्रेन में प्रीमियम कोच में सफर करने पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त किराया देना होगा। नमो भारत में कम से कम टिकट 20 रुपये और अधिक से अधिक 210 रुपये निर्धारित किया गया है।
मेरठ से गाजियाबाद तक किराया 120 रुपये
मेरठ भैसाली रोडवेज बस स्टैंड और मेरठ बेगमपुल से गाजियाबाद का किराया 120 रुपये होगा। प्रीमियम कोच में 20 प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज के साथ 144 रुपये का टिकट की दर तय की गई है। मेरठ से गाजियाबाद तक रोडवेज बस का टिकट 110 रुपये है। जबकि बसों में करीब 1 घंटा अतिरिक्त समय लगता है। वहीं अगर नमो भारत ट्रेन से यात्रा की जाए तो इसमें 10 रुपये रोडवेज बस से अतिरिक्त यानी 120 रुपये का टिकट लेना होगा। जबकि नमो भारत ट्रेन से गाजियाबाद तक पहुंचने में समय भी कम लगेगा।
दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के लिए गेम चेंजर
नमो भारत ट्रेन केवल साहिबाबाद से मेरठ साउथ के बीच 55 किमी के हिस्से में चल रही थी। लेकिन रविवार को शेष बचे 27 किमी के हिस्से(मेरठ साउथ से मोदीपुरम और न्यू अशोक नगर से सराय काले खां) को भी जोड़ दिया गया है। करीब 30,274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह प्रोजेक्ट न केवल मेरठ बल्कि गाजियाबाद और दिल्ली के लाखों यात्रियों के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होगा।
दिल्ली (सराय काले खां) से मेरठ (मोदीपुरम) तक नमो भारत का किराया न्यूनतम किराया करीब 20 रुपए और अधिकतम किराया 210 रुपए रहेगा। वहीं मेरठ मेट्रो का न्यूनतम किराया करीब 20 रुपए और अधिकतम किराया करीब 60 रहेगा। हालांकि, मेरठ साउथ से गाजियाबाद तक किराया करीब 90 रुपए है।
ये होगी समय सारणी
सोमवार से शनिवार तक सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन किया जाएगा। जबकि रविवार को नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक होगा।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो ट्रेन के लिए एक ही टिकट पर यात्रा की जा सकेगी। इसके लिए यात्री नमो भारत ऑनलाइन एप, एनसीआरटीसी टिकट विंडो और स्टेशनों पर लगी टिकट मशीनों से टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां