मेरठ में रालोद कार्यकर्ता सम्मेलन: पश्चिम यूपी राज्य और हाईकोर्ट बेंच की मांग
मेरठ। मेरठ में गढ़ रोड स्थित एक होटल में राष्ट्रीय लोकदल का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। जिसमें रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने उत्तर प्रदेश के चार प्रदेश की मांग उठाते हुए कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश बनना अब जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम यूपी में हाईकोर्ट बैंच की मांग भी बहुत पुरानी है। ये मांग भी पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम यूपी के जिलों के अधिवक्ता पिछले कई दशकों से हाईकोर्ट बेंच की मांग के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब रालोद मिलकर हाईकोर्ट बेंच की मांग के लिए संघर्ष करेगा। इसके लिए सरकार के साथ बातचीत करके हल निकाला जाएगा।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए रालोद महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि रालोद हमेशा से छोटे प्रदेशों का समर्थक रहा है। उत्तर प्रदेश में चार प्रदेश बनने चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने के प्रस्ताव है। पश्चिम के मेरठ में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग रालोद ने उठाई। आज न्याय के लिए पश्चिम के लोगों को 700 किलोमीटर दूर जाना होता है। इससे समय और पैसा बर्बाद होता है। उन्होंने कहा कि देश के कई छोटे प्रदेशों में हाईकोर्ट की तीन-तीन बेंच हैं। जबकि करोडों की आबादी वाली यूपी में मात्र दो बेंच हैं। वो भी पूरब में स्थित हैं।
रालोद से जुड़ रहे युवा
रालोद महासचिव ने कहा कि रालोद परिवार लगातार मजबूत होता जा रहा है। रालोद से युवा वर्ग जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम पश्चिम यूपी में तो मजबूत हैं ही अब पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मजबूत हो रहे हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में लोग हमसे जुड़कर संगठन को मजबूत कर रहे हैं।
रालोद में आए नए लोगों से संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया। नए सदस्यों ने चौधरी चरण सिंह के विचारों और जयंत चौधरी के नेतृत्व पर विश्वास जताया।
ये भी पढ़ें डिप्टी CM ने किया अपने आवास पर बटुकों का सम्मान, शंकराचार्य विवाद की नाराजगी घटाने की कोशिश
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने की व संचालन कमलजीत एवं जूही त्यागी ने किया। इस अवसर पर विनय प्रधान (राष्ट्रीय प्रभारी जम्मू-कश्मीर), पूर्व जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़, उत्तर प्रदेश एससी/एसटी आयोग सदस्य नरेंद्र खजूरी, राष्ट्रीय महासचिव (महिला) रिचा सिंह, पूर्व विधायक विनोद हरित आदि मौजूद रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां