पीएम मोदी को मेरठ के भाजपाइयों ने किया स्वागत, व्यापारियों की समस्या से संबंधित ज्ञापन सौंपा
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेरठ पहुंचने पर भाजपाइयों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता चरण सिंह लिसाड़ी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मेरठ के व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा।
पत्र में शारदा ने कहा कि मेरठ का व्यापारी वर्ग, विशेषकर शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट का व्यापारी, इस समय स्वयं को अत्यंत असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रहा है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर 661/6, सेंट्रल मार्केट, शास्त्री नगर स्थित 22 दुकानदारों का कॉम्प्लेक्स ध्वस्त कर दिया गया। परंतु आज तक प्रभावित व्यापारियों को किसी प्रकार की ठोस सरकारी सहायता प्राप्त नहीं हुई, जबकि उन्हें सहायता देने का आश्वासन दिया गया था।
शारदा ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री से निवेदन करते हुए कहा कि प्रभावित व्यापारियों के भविष्य, उनके व्यापार और परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वैकल्पिक दुकानें, कॉम्प्लेक्स में स्थान, आर्थिक सहायता एवं समुचित सुरक्षा प्रदान की जाए।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि सेंट्रल मार्केट शास्त्री नगर, शास्त्री नगर सेक्टर-2 मार्केट, माधव नगर एवं जागृति विहार के लगभग 1478 व्यापारी वर्तमान में प्रशासनिक नोटिसों और दुकानों पर लगाए जा रहे निशानों से भयभीत हैं। ये व्यापारी पिछले 35-40 वर्षों से क्षेत्र में वैध रूप से व्यापार कर रहे हैं। उस समय क्षेत्र का स्वरूप भिन्न था और यदि किसी स्तर पर प्रशासनिक त्रुटि हुई है तो उसका दंड निर्दोष हजारों दुकानदारों को नहीं मिलना चाहिए।
ये भी पढ़ें संभल: सड़क पर दौड़ता ट्रक बना 'आग का गोला', केमिकल और घास लदे वाहन में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप
मेरठ के समग्र विकास हेतु प्रमुख मांगें
विनीत अग्रवाल शारदा ने पीएम मोदी को सौंपे ज्ञापन में मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं आधारभूत विकास के लिए निम्न प्रमुख मांगों को रखा। • मेरठ को हैंडलूम-पावरलूम की ऐतिहासिक पहचान को देखते हुए टेक्सटाइल पार्क प्रदान किया जाए।
• ज्वेलरी निर्माण की बड़ी क्षमता को ध्यान में रखते हुए ज्वेलरी पार्क स्थापित किया जाए।
• विश्वविख्यात बैंड-बाजे एवं कैंची उद्योग के लिए विशेष क्लस्टर विकसित किया जाए।
• पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक नगर मेरठ में हवाई अड्डा शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
• मेरठ एवं आसपास के जनपदों के लिए एम्स स्तर का अस्पताल स्थापित किया जाए।
• शहर की यातायात समस्या के समाधान हेतु आउटर रिंग रोड का शीघ्र निर्माण हो।
• मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन के स्वीकृत आधुनिकीकरण कार्य को तुरंत शुरू कराया जाए।
• खेल उद्योग में विश्वस्तरीय पहचान को देखते हुए स्पोर्ट्स पार्क की स्थापना हो।
• जनहित में मेरठ में हाईकोर्ट बेंच स्थापित की जाए।
• मेरठ कैंटोनमेंट क्षेत्र को सिविल एरिया में विलय कर लंबित चुनाव कराए जाएँ।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां