पुलिस सामने… और सड़क बनी ‘रिंग’! मेरठ में मारपीट का VIDEO वायरल
मेरठ। जनपद के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाला एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने उत्तर प्रदेश पुलिस के इकबाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल क्लिप में दो पक्ष एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाते नजर आ रहे हैं, जबकि सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी वारदात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अंजाम दी गई।
ये भी पढ़ें महाराजगंज में मैट्रिक परीक्षा के दौरान पांच छात्राएं बेहोश, प्राथमिक उपचार के बाद लौटाया गया केंद्रमिली जानकारी के अनुसार, कंकरखेड़ा क्षेत्र में किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और सड़क अखाड़े में तब्दील हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मी बीच-बचाव की कोशिश तो कर रहे हैं, लेकिन हमलावरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें खाकी का रत्ती भर भी खौफ नजर नहीं आ रहा। लोग पुलिस के सामने ही एक-दूसरे को लहूलुहान करने पर उतारू दिखे, मानो उन्हें कानून के डंडे का कोई डर ही न हो।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली के कारण हमलावरों को बढ़ावा मिला। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय रहते सख्त रुख अपनाती और उपद्रवियों को हिरासत में लेती, तो मामला इतना नहीं बढ़ता। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर खासा रोष है कि जब पुलिस की मौजूदगी में ही आम नागरिक सुरक्षित नहीं हैं, तो बंद कमरों और सुनसान गलियों में सुरक्षा की क्या गारंटी होगी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी कि उन्होंने बल प्रयोग कर संघर्ष को रोकने की प्रभावी कोशिश क्यों नहीं की। फिलहाल क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या अब अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां