सावधान! गाजियाबाद में होली और रमजान से पहले 'जहरीले' पनीर-मावे की बड़ी खेप पकड़ी
गाजियाबाद। आगामी होली और रमजान के त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ गाजियाबाद खाद्य विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी मुहिम छेड़ दी है। जिले में सक्रिय 5 विशेष टीमों ने पिछले 72 घंटों के भीतर भारी मात्रा में नकली पनीर और मावा बरामद किया है। विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए करीब 2500 किलो पनीर और 200 किलो मावे को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए जमीन में दफन कर नष्ट कर दिया है।
अलीगढ़ और बागपत के रास्ते आ रहा था 'जहर'
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि त्योहारों पर बढ़ती मांग को देखते हुए अलीगढ़, बागपत और अमरोहा के रास्ते दिल्ली-एनसीआर में मिलावटी सामान की सप्लाई की जा रही है। इसी इनपुट पर विभाग ने जिले के एंट्री पॉइंट्स पर नाकेबंदी कर गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। जांच में पाया गया कि लाखों रुपये की कीमत का यह पनीर और मावा स्वास्थ्य मानकों पर बिल्कुल खरा नहीं था।
लाखों का माल नष्ट, दर्जनों सैंपल लैब भेजे
अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए 25 क्विंटल पनीर की बाजार में अनुमानित कीमत साढ़े सात लाख रुपये से अधिक थी। वहीं, मंगलवार सुबह लोनी क्षेत्र से 200 किलो मावा भी पकड़ा गया, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये है। खाद्य विभाग ने कार्रवाई के दौरान 30 से 35 नमूने (सैंपल्स) लिए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित सप्लायर्स और विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाएगी।
दिन-रात जारी रहेगी छापेमारी
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान थमेगा नहीं। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी से शुरू हुई यह कार्रवाई त्योहारों तक निरंतर जारी रहेगी। विभाग की पांचों टीमें फील्ड में तैनात हैं और संदिग्ध ठिकानों व वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे बहुत अधिक सफेद या असामान्य दिखने वाले डेयरी उत्पादों को खरीदने से बचें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां