गाजियाबाद: खुले नाले ने ली व्यापारी की जान, स्कूटी सहित गिरने से हुई मौत
गाजियाबाद। थाना सिहानीगेट क्षेत्र के पटेल नगर इलाके में एक खुले नाले ने अधेड़ उम्र के व्यापारी की जान ले ली। सोमवार देर रात स्कूटी से जा रहे व्यापारी अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरे। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय निवासियों ने खुले नालों को लेकर नगर निगम के प्रति भारी रोष व्यक्त किया है।
स्कूटी की जलती लाइट से हुआ शक
जानकारी के अनुसार, मोहन नगर की ओर से आ रहे एक राहगीर ने सड़क किनारे एक स्कूटी पड़ी देखी, जिसकी हेडलाइट जल रही थी। जब उसने पास जाकर देखा तो पास ही स्थित नाले में एक व्यक्ति गिरा हुआ था। तत्काल अन्य लोगों को इकट्ठा किया गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँचे लोगों ने घायल को एमएमजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्कूटी के नंबर से मृतक की पहचान 48 वर्षीय शंकर लाल गर्ग (निवासी पक्की मोरी, डासना गेट) के रूप में हुई।
नित्य नियम के दौरान हुआ हादसा
ये भी पढ़ें गाजियाबाद : अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी भीषण आग, 14 वे फ्लोर पर था फ्लैट, फायर ब्रिगेड ने पाया काबूमृतक के भाई योगेश गर्ग ने बताया कि शंकर लाल प्रतिदिन अपनी दुकान बढ़ाने के बाद कूड़ा फेंकने और श्री केशरी माता मंदिर में दर्शन करने जाते थे। घटना के वक्त भी वे इसी दिनचर्या का पालन कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि उनकी मौत का सीधा कारण खुला नाला है। यदि प्रशासन ने समय रहते नालों को ढकने की व्यवस्था की होती, तो आज शंकर लाल जीवित होते।
जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में किसी अन्य वाहन से टक्कर के साक्ष्य नहीं मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी पर रखे कूड़े की बाल्टी की वजह से संतुलन बिगड़ा और वे सीधे नाले में जा गिरे। पुलिस का कहना है कि मौत का सटीक कारण— चोट लगना है या दम घुटना— यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्षेत्र के सभी खुले नालों को तुरंत ढका जाए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां