गाजियाबाद में स्वास्थ्य क्रांति: जेपी नड्डा ने किया देश के पहले इंटीग्रेटेड AI-Enabled E-ICU कमांड सेंटर का उद्घाटन
गाजियाबाद। गाजियाबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक के साथ एकीकृत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। दिल्ली-एनसीआर के प्रतिष्ठित संस्थान यशोदा मेडिसिटी ने एमएमजी जिला अस्पताल के साथ मिलकर एआई आधारित ई-आईसीयू (E-ICU) कमांड सेंटर की शुरुआत की है। इस अत्याधुनिक कमांड सेंटर का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा द्वारा किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बिना किसी देरी के विशेषज्ञ इलाज और निरंतर निगरानी उपलब्ध कराना है।
कैसे काम करेगा एआई आधारित सिस्टम?
यह सिस्टम यशोदा मेडिसिटी के मुख्य कमांड सेंटर को सीधे एमएमजी जिला अस्पताल के आईसीयू से जोड़ता है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया गया है जो मरीजों के स्वास्थ्य डेटा का रियल-टाइम विश्लेषण करता है। यदि किसी मरीज की स्थिति में थोड़ा भी उतार-चढ़ाव आता है या स्थिति बिगड़ने की आशंका होती है, तो यह सिस्टम तुरंत डॉक्टरों को अलर्ट जारी कर देगा। इससे दूर बैठे विशेषज्ञ डॉक्टर भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए त्वरित चिकित्सकीय निर्णय ले सकेंगे।
सीएसआर पहल के तहत मिली सौगात
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह पूरी परियोजना यशोदा फाउंडेशन के सीएसआर (CSR) कार्यक्रम के तहत क्रियान्वित की गई है। एक एकीकृत डैशबोर्ड के माध्यम से बड़ी संख्या में मरीजों के डेटा को मॉनिटर किया जाएगा, जिससे न केवल इलाज की गुणवत्ता सुधरेगी बल्कि अस्पताल के संसाधनों का भी बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
भविष्य में अन्य जिलों तक विस्तार की योजना
यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने इस अवसर पर कहा कि उनका उद्देश्य विश्वस्तरीय स्वास्थ्य तकनीक को आम जनमानस तक पहुंचाना है। वहीं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शुभांग अरोड़ा ने बताया कि यह सिस्टम कनेक्टेड अस्पतालों की आईसीयू सेवाओं को मजबूती प्रदान करेगा। अस्पताल प्रशासन की योजना है कि भविष्य में इस सफल मॉडल को अन्य जिला अस्पतालों तक भी ले जाया जाए, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ परामर्श मिल सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां