हरिद्वार में महाकुंभ 2027 की तैयारी: सीएम धामी ने केंद्र से मांगी ₹408 करोड़ की संजीवनी
लक्सर और भगवानपुर की 13 हजार हेक्टेयर भूमि को मिलेगा सिंचाई का तोहफा, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल से हुई अहम चर्चा
नई दिल्ली/हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2027 में धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित होने वाले 'महाकुंभ' को दिव्य, भव्य और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए दिल्ली में मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर कुंभ की तैयारियों और 'नमामि गंगे' से जुड़ी परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत ₹408.82 करोड़ की योजनाओं को तत्काल मंजूरी देने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने जोर देते हुए कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक चलने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता को बनाए रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹253 करोड़ के प्रस्तावों को भी जल्द स्वीकृति देने की बात कही।
इस बैठक का सबसे बड़ा लाभ हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों को मिलने वाला है। मुख्यमंत्री ने इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का प्रस्ताव रखा है, जिससे 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। इस परियोजना से भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र की लगभग 13 हजार हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों की आय में वृद्धि होगी और पेयजल संकट का भी समाधान होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरिद्वार कुंभ 2027 एक ऐतिहासिक और सुरक्षित आयोजन सिद्ध होगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां