बिजनौर में बच्ची को पिता की ही गोली लगी: ईद मनाकर लौटते समय बेल्ट में लगे तमंचे से हुआ था फायर; पिता गिरफ्तार
अज्ञात हमलावरों की कहानी निकली झूठी, 6 वर्षीय मासूम के पैर के आर-पार हुई थी गोली; शहर कोतवाली पुलिस ने 315 बोर का तमंचा किया बरामद

बिजनौर। जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र में ईद की खुशियां उस वक्त मातम में बदलती दिखीं, जब एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची को गोली लग गई। पहले परिजनों ने अज्ञात हमलावरों द्वारा ईख के खेत से फायरिंग करने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस की सटीक जांच में मामला पूरी तरह पलट गया। जांच में सामने आया कि मासूम राहत को किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके पिता की बेल्ट में लगे अवैध तमंचे से दुर्घटनावश चली गोली लगी थी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अंधेरे में फायरिंग की रची थी कहानी
जानकारी के अनुसार, नरूल्लापुर हफीज निवासी शौकीन शनिवार को अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गांव बादशाहपुर में रिश्तेदारी में ईद मनाने गया था। रात करीब 8:30 बजे बाइक से लौटते समय रास्ते में गोली चलने की सूचना मिली। परिजनों ने दावा किया कि अज्ञात हमलावरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर खेत से उन पर फायरिंग की, जिससे बाइक पर बीच में बैठी मासूम बेटी राहत के पैर में गोली लग गई। घायल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
बच्ची के बयान और पुलिस की सख्ती ने खोला राज
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामप्रताप सिंह ने जब घटनास्थल का मुआयना किया, तो उन्हें कहानी संदिग्ध लगी। पुलिस ने जब घायल बालिका राहत से बात की, तो उसने सच्चाई बता दी। मासूम ने बताया कि उसके पापा ने अपनी बेल्ट में गन लगा रखी थी और अचानक हाथ लगने से गोली चल गई जो उसके पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने पिता शौकीन से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया।
अवैध तमंचे के साथ पिता गिरफ्तार
थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी पिता शौकीन को 315 बोर के अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। गनीमत रही कि गोली बच्ची के पैर के आर-पार निकल गई और उसकी जान बच गई।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
यह 'रॉयल बुलेटिन' न्यूज़ नेटवर्क का आधिकारिक संपादकीय डेस्क (Editorial Desk) है। यहाँ से मुज़फ्फरनगर, नोएडा और देशभर के हमारे विस्तृत रिपोर्टिंग नेटवर्क से प्राप्त समाचारों को प्रमाणित और संपादित करने के बाद पाठकों तक पहुँचाया जाता है। हमारी डेस्क टीम 24x7 सक्रिय रहती है ताकि आप तक सबसे सटीक, विश्वसनीय और निष्पक्ष खबरें बिना किसी देरी के पहुँच सकें। न्यूज़ रूम से संबंधित सूचनाओं और प्रेस विज्ञप्ति के लिए आप हमें news@royalbulletin.in पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां