मुजफ्फरनगर: एटीएस की बड़ी कार्रवाई; देश विरोधी पोस्ट डालने वाला स्क्रैप कारोबारी गिरफ्तार, यूएपीए के तहत केस दर्ज

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने एक महत्वपूर्ण अभियान के तहत मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र से देश और समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मीरापुर के ग्राम सम्भलहेड़ा निवासी शानू मलिक के रूप में हुई है। एटीएस और आईबी (IB) की संयुक्त पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया पर फैला रहा था नफरत
जानकारी के अनुसार, शानू मलिक लंबे समय से अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर देश विरोधी और समाज में विद्वेष फैलाने वाली पोस्ट डाल रहा था। एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि आरोपी के सोशल मीडिया हैंडल पर कुछ बेहद आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट संज्ञान में आए थे। जब एटीएस ने उसे हिरासत में लेकर उसके मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम अकाउंट की गहनता से पड़ताल की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी की थी भारत विरोधी पोस्ट
जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि शानू मलिक ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी हिंदुस्तान विरोधी वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड की थी। आरोपी मूल रूप से केरल में स्क्रैप (कबाड़) का कारोबार करता था, लेकिन उसकी डिजिटल गतिविधियां राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता के लिए खतरा बनी हुई थीं। एटीएस और आईबी की टीमों ने घंटों की पूछताछ में उसके नेटवर्क और इरादों को खंगाला है।
यूएपीए (UAPA) जैसी सख्त धाराओं में कार्रवाई
एसपी ग्रामीण ने स्पष्ट किया कि आरोपी की गतिविधियों और आपत्तिजनक पोस्ट की गंभीरता को देखते हुए थाना मीरापुर पर अत्यंत सख्त धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट (UAPA) की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे आज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से देश विरोधी एजेंडा चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां