मुजफ्फरनगर: कुट्टू के आटे का कहर, बुढ़ाना और मोरना में ताबड़तोड़ छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग दुकानें खुलवाकर लिए गए नमूने, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर। त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरों की सक्रियता अब आम जनता की जान पर भारी पड़ने लगी है। जनपद के बुढ़ाना कस्बे में शनिवार को कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद एक ही परिवार के 9 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जबकि मोरना में भी एक परिवार के लोग बीमार हैं। इस घटनाओं के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए रविवार को बुढ़ाना और मोरना क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच में यह तथ्य सामने आया कि पीड़ित परिवार ने बुढ़ाना के नदी मंदिर रोड स्थित 'वीर किरयाना स्टोर' से कुट्टू का आटा खरीदा था। रविवार सुबह जब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम छापेमारी के लिए पहुंची, तो दुकान बंद मिली। विभाग ने सख्त तेवर दिखाते हुए दुकान संचालक संदीप कुमार जैन को घर से बुलवाया और मौके पर दुकान खुलवाकर कुट्टू के आटे का विधिक नमूना लिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नमूनों को तत्काल लैब टेस्टिंग के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मोरना में भी खाद्य विभाग का 'हंटर'
बुढ़ाना के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोरना क्षेत्र में भी ताबड़तोड़ छापेमारी की। यहाँ कई दुकानों पर गंदगी और मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संचालकों को कड़ी फटकार लगाई गई। सहायक आयुक्त अर्चना धीरान ने बताया कि विभाग पूरी तरह सतर्क है और जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की चेतावनी: मिलावट मिली तो होगी जेल
सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले भर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों को हिदायत दी है कि वे केवल मानक के अनुरूप और शुद्ध खाद्य सामग्री ही बेचें। यदि लैब रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल, प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे त्योहारों पर खान-पान की वस्तुओं की शुद्धता को लेकर जागरूक रहें।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां