मेरठ में हिस्ट्रीशीटर का हाई-वोल्टेज ड्रामा: थाने में दीवार में सिर मारकर फोड़ा, मां-बहनों ने महिला कांस्टेबल की वर्दी फाड़ी
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो वायरल होने पर नौचंदी पुलिस ने किया था गिरफ्तार; पुलिस पर दबाव बनाने के लिए रची साजिश, 4 पर मुकदमा

मेरठ। जनपद के थाना नौचंदी क्षेत्र में सोमवार को एक हिस्ट्रीशीटर और उसके परिवार ने पुलिस कस्टडी में जमकर उत्पात मचाया। हथियारों के साथ वीडियो वायरल होने के मामले में गिरफ्तार शास्त्रीनगर निवासी हिस्ट्रीशीटर जमाल ने थाने लाते ही पुलिसकर्मियों को चकमा देकर दीवार में सिर मारकर खुद को लहूलुहान कर लिया। यही नहीं, उसकी मां और बहनों ने थाने में घुसकर हंगामा किया और बीच-बचाव करने आई महिला कांस्टेबल की वर्दी तक फाड़ दी। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
मामला रविवार को सोशल मीडिया पर दो युवकों के हथियारों के साथ वीडियो वायरल होने से शुरू हुआ। जांच में पता चला कि वीडियो शास्त्रीनगर सेक्टर-4 निवासी हिस्ट्रीशीटर जमाल का है। सोमवार सुबह नौचंदी पुलिस ने दबिश देकर जमाल को हिरासत में ले लिया। घर से थाने लाते समय वह लगातार पुलिसकर्मियों से बहस करता रहा।
थाने पहुंचते ही खुद को किया लहूलुहान
चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही पुलिस जीप थाने पहुंची और जमाल को नीचे उतारा गया, उसने अचानक पुलिसकर्मी को धक्का दिया और दौड़कर दीवार में अपना सिर दे मारा। देखते ही देखते वह खून से लथपथ हो गया, जिससे थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अभी उसे संभाल ही रही थी कि उसकी मां रुकसाना और बहनें उरूज व रूही थाने पहुंच गईं और गाली-गलौज शुरू कर दी।
महिला कांस्टेबल से हाथापाई, वर्दी फटी
हिस्ट्रीशीटर की मां और बहनों ने पुलिस जीप के सामने खड़े होकर हंगामा किया। जब एक महिला कांस्टेबल ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, तो तीनों ने उस पर हमला बोल दिया। इस हाथापाई में महिला कांस्टेबल की वर्दी फट गई। शोर शराबा सुनकर सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर जमाल ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए यह ड्रामा रचा था। पुलिस ने जमाल, उसकी मां और दोनों बहनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमले का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
यह 'रॉयल बुलेटिन' न्यूज़ नेटवर्क का आधिकारिक संपादकीय डेस्क (Editorial Desk) है। यहाँ से मुज़फ्फरनगर, नोएडा और देशभर के हमारे विस्तृत रिपोर्टिंग नेटवर्क से प्राप्त समाचारों को प्रमाणित और संपादित करने के बाद पाठकों तक पहुँचाया जाता है। हमारी डेस्क टीम 24x7 सक्रिय रहती है ताकि आप तक सबसे सटीक, विश्वसनीय और निष्पक्ष खबरें बिना किसी देरी के पहुँच सकें। न्यूज़ रूम से संबंधित सूचनाओं और प्रेस विज्ञप्ति के लिए आप हमें news@royalbulletin.in पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां