सहारनपुर: देवबंद में ईद की नमाज के बाद अमेरिका-इजराइल के खिलाफ नारेबाजी; पुलिस से तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की के बाद मामला शांत

सहारनपुर/देवबंद। जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव थितकी में शनिवार सुबह ईद की नमाज के बाद उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कुछ युवकों ने अमेरिका और इजराइल के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। नमाज अदा कर मस्जिद से बाहर निकले युवाओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
वीडियो बनाने पर भड़के प्रदर्शनकारी, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही नमाज खत्म हुई, कुछ युवक मस्जिद के बाहर खड़े होकर "अमेरिका मुर्दाबाद" और "इजराइल मुर्दाबाद" के नारे लगाने लगे। सूचना मिलते ही देवबंद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को हटाने और उनके वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो युवक भड़क गए और पुलिस के साथ तीखी बहस व धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ के उग्र तेवर देख पुलिस को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा। हालांकि, इंस्पेक्टर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए भीड़ में शामिल बुजुर्गों और कुछ प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सभी अपने घरों को लौटे।
एसपी देहात का बयान: "शांतिपूर्ण प्रदर्शन अधिकार, नहीं होगा कोई केस"
मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि कुछ युवक काली पट्टी बांधकर अमेरिका और इजराइल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। प्रदर्शनकारियों ने कोई भी भारत विरोधी गतिविधि नहीं की है, इसलिए उनके खिलाफ कोई कानूनी मामला नहीं बनता है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां