मुजफ्फरनगर में खूनी रंजिश: शाहदरा गांव में युवक की घेर में घुसकर हत्या, पहले तलवारों से वार, फिर मारी गोली
गांव में दहशत का माहौल, भारी पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश जारी

भोपा (मुजफ्फरनगर)। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव शाहदरा बांगर में सोमवार को रंजिश की आग ने एक और जान ले ली। गांव के ही तीन दबंगों ने मिलकर 24 वर्षीय अक्षय कुमार नामक युवक की उस वक्त बेरहमी से हत्या कर दी, जब वह अपने खेत से काम निपटाकर घर लौट रहा था। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अक्षय (24) पुत्र चंद्रपाल रोशवाल शाम करीब 7 बजे रसूलपुर मार्ग स्थित अपने खेतों से घर लौट रहा था। जैसे ही वह आबादी के समीप पहुँचा, पहले से ही घात लगाकर बैठे गांव के तीन व्यक्तियों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। हमले से लहूलुहान अक्षय ने अपनी जान बचाने के लिए पास के ही एक घेर (पशुओं का अहाता) की ओर दौड़ लगा दी और विक्रम गुर्जर के घर में घुस गया। हमलावर इतने आक्रोश में थे कि उन्होंने पीछा नहीं छोड़ा और घेर के भीतर घुसकर अक्षय पर धारदार हथियारों से वार करने के बाद उसे गोली मार दी। गोली लगने से अक्षय की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
पुरानी रंजिश या प्रेम प्रसंग बनी मौत का कारण?
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुँची भोपा पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग दोनों पहलुओं पर केंद्रित है। ग्रामीणों में चर्चा है कि मृतक अक्षय के संबंध पड़ोस की ही एक विवाहिता महिला से थे, जिसके बाद महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। महिला के परिवार वाले तभी से अक्षय से रंजिश रखते थे। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने अक्षय की हत्या कर दी।
दहशत का माहौल, पुलिस की दबिश
शाहदरा बांगर गांव में इस हत्या के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ देवव्रत बाजपेई और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने मौके का निरीक्षण कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकार नरेंद्र बालियान पिछले 6 वर्षों से मुज़फ्फरनगर के भोपा, मोरना और ककरौली क्षेत्र में 'रॉयल बुलेटिन' के प्रतिनिधि के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक स्थितियों की गहरी समझ रखने वाले नरेंद्र बालियान ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पिछले 6 सालों में उन्होंने अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से भोपा-मोरना क्षेत्र की जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 7906131417 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां