मंत्री ओपी राजभर के आवास पर ABVP कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा, पुतला दहन व जमकर हुई नोकझोंक

लखनऊ। मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा दिए गए विवादित बयान के विरोध में बुधवार रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। रात करीब 9 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ स्थित मंत्री के आवास पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए घेराव कर दिया। इस दौरान गुस्साए कार्यकर्ताओं ने राजभर का पुतला भी फूंका।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही बाराबंकी स्थित श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में ABVP कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इसी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ओपी राजभर ने कार्यकर्ताओं को ‘गुंडा’ कहा था। इस बयान से नाराज ABVP ने प्रदर्शन का ऐलान किया।
संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंत्री ने ABVP जैसे अनुशासित और छात्र हितैषी संगठन का अपमान किया है। जब तक मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, आंदोलन जारी रहेगा और पूरे प्रदेश में उनके पुतले जलाए जाएंगे।
दूसरी ओर, सुभासपा महासचिव अरुण राजभर ने कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी का आरोप लगाया और कहा कि मंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी आज घायल ABVP कार्यकर्ताओं से अस्पताल में मुलाकात की और कहा कि पुलिस का रवैया गलत था, हाथ-पैर तोड़ना स्वीकार नहीं है। डिप्टी सीएम ने कहा-पुलिस ने छात्रों के साथ बहुत गलत किया। केशव ने कहा कि ABVP बेहद सांस्कारिक संगठन है। वह अपनी जिम्मेदारी समझता है। पुलिस को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। संगठन के छात्र यूनिवर्सिटी में अपनी वैध मांगों की बात रख रहे थे। उन पर इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं है।
लेखक के बारे में

रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !