24 जनवरी से 9 फरवरी के बीच होंगी यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं
लखनऊ/ प्रयागराज । माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के आयोजन का कार्यक्रम मंगलवार को जारी कर दिया है। परिषद के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, प्रयोगात्मक परीक्षाएं प्रदेशभर में दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं संबंधित जनपदों के निर्धारित मंडलों के अंतर्गत संपन्न कराई जाएंगी।
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि पहला चरण 24 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन एवं बस्ती मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। हालांकि, 29 और 30 जनवरी 2026 को यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टेट) प्रस्तावित होने के कारण इन तिथियों को छोड़ते हुए अन्य दिनों में ही प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में प्रयोगात्मक परीक्षाएं 2 फरवरी 2026 से 9 फरवरी 2026 तक होंगी। इस चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी तथा गोरखपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों को शामिल किया गया है।
भगवती सिंह के मुताबिक प्रयोगात्मक परीक्षाओं के सफल एवं पारदर्शी आयोजन के लिए क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा प्रधानाचार्य एवं बाह्य परीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। परीक्षाएं सीसीटीवी निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछले वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर संपन्न कराई जाएंगी। वहीं इंटरमीडिएट की नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा आयोजित की जाएंगी। इन विषयों के प्राप्तांकों को विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर 10 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा।
परिषद के अनुसार, कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा कक्षा 10 एवं 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2026 के द्वितीय सप्ताह में तथा कक्षा 9 एवं 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के अंतिम सप्ताह और फरवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी।
