मेरठ। मेरठ में दुष्कर्म पीड़िता की मौत होने के बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया है। गांव में तनाव और आक्रोश को देखते हुए फोर्स तैनात कर दिया है। इसी के साथ गांव को जाने वाले रास्तों को सील कर दिया गया है। इलाके के हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
मामला सरधना क्षेत्र के महमदपुर सिखेड़ा का है। जहां पर उपचार के दौरान एक दुष्कर्म पीड़िता की मौत हो गई है। दुष्कर्म पीड़िता की मौत की खबर गांव में मिलते ही तनाव फैल गया। गांव को पुलिस ने सील कर बाहरी लोगों और मीडिया के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। गांव महमदपुर सिखेड़ा में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। किशोरी तीन दिनों से वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रही थी। शुक्रवार शाम दुष्कर्म पीड़िता ने दम तोड़ दिया।
गांव के हालात तनावपूर्ण होने पर मीडिया को भी गांव में जाने की अनुमति नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शांति बनाए रखने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। देर रात दुष्कर्म पीड़िता का शव गांव पहुंचते ही अधिकारियों ने डेरा डाल दिया। गांव में आने जाने वाले रास्तों पर बाहरी व्यक्ति के आने जाने पर रोक लगा दी है। वहीं राजनैतिक दलों ने इस मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
टिप्पणियां