मेरठ में दरिंदगी की शिकार किशोरी की मौत से भारी आक्रोश, छावनी में तब्दील हुआ गांव
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद स्थित बहसूमा क्षेत्र में बंधक बनाकर गैंगरेप का शिकार हुई चौदह वर्षीय किशोरी ने शुक्रवार रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। पांच दिनों तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच झूलने के बाद पीड़िता की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया और चार थानों की फोर्स तैनात कर दी।
शनिवार सुबह गांव की घेराबंदी कर दी गई और जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर राजनीतिक दलों के नेताओं व बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। परिजन प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप को मौके पर बुलाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। करीब बीस घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे और पुलिस के आला अधिकारियों के आश्वासन के बाद दोपहर एक बजे गमगीन माहौल में पीड़िता का अंतिम संस्कार किया जा सका।
पुलिस इस पूरे मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है, जबकि परिजनों का कहना है कि आरोपी ने साजिश के तहत बुलाकर अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी के निर्देश पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रहा है ताकि किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोका जा सके। परिवार ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru

टिप्पणियां