मेरठ। थाना जानी क्षेत्र में सिवालखास गंगनहर पुल के पास शुक्रवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला ने काला बुर्का पहन रखा था और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र करीब
32 वर्ष के आसपास है। शव
गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग के किनारे
चिंदौड़ा वाले कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना जानी की पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर जुटे स्थानीय लोगों और राहगीरों से पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने आसपास के थानों और जनपदों को सूचना भेज दी है ताकि महिला की पहचान हो सके।
घटनास्थल पर सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का मानना है कि महिला की कहीं और हत्या करके शव को यहां लाकर फेंका गया है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।