सपा में बड़ा फेरबदल: मेरठ के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी हटाए गए, कर्मवीर गुर्जर बने नया जिलाध्यक्ष

मेरठ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने मेरठ के जिला संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी को हटा दिया है। उनके स्थान पर अब कर्मवीर गुर्जर को मेरठ का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इस संगठनात्मक फेरबदल के तहत पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी को पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें प्रदेश सचिव की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। विपिन चौधरी का कार्यकाल लगभग दो साल चार महीने का रहा; उन्हें 14 जून 2023 को जयवीर सिंह के बाद मेरठ का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। अपने कार्यकाल में उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कई आंदोलनों और अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव संगठन को नई ऊर्जा देने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखकर किया गया है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कर्मवीर गुर्जर युवाओं और किसानों के बीच पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल द्वारा शीघ्र ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। यह फेरबदल पार्टी की रणनीतिक पुनर्संरचना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आगामी चुनावी अभियानों में संगठन की पकड़ और तालमेल को मजबूत करना है।