मेरठ: हापुड़ क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर 4 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
मेरठ। मेरठ में हापुड क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर को चार लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। ये कार्रवाई मेरठ विजिलेंस की टीम ने आज सुबह की है। मिली जानकारी के अनुसार बागपत में हुए रिछपाल हत्याकांड की जांच हापुड़ क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह कर रहे थे। महेंद्र सिंह हत्या के केस से दो आरोपियों के नाम निकालने के एवज में चार लाख की रिश्वत मांग रहे थे।
इसकी शिकायत मेरठ विजिलेंस को की गई। जिस पर मेरठ विजिलेंस टीम ने जाल बिछाते हुए हापुड़ क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को चार लाख की रिश्वत लेते मेरठ के रोहटा रोड से रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र के गोटखा गांव निवासी लोकेश बैसला ने जानकारी दी कि उन्होंने 2021 में गांव के रिछपाल से लगभग दो बीघा जमीन खरीदी थी। कुछ दिन बाद रिछपाल का शव गांव में पेड़ पर लटका मिला था। रिछपाल के परिजनों ने धारा सिंह, मनोज व अजय पाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
इसके 10 दिन बाद केस को हापुड़ ट्रांसफर कर दिया गया। वर्तमान में हत्या के मुकदमे की जांच हापुड़ क्राइम ब्रांच कर रही है। क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर महेंद्र जांच अधिकारी है। लोकेश का आरोप है कि इंस्पेक्टर महेंद्र ने अजय पाल व मनोज का नाम मुकदमे से निकलवाने के लिए चार लाख रुपये की मांग की। जिसकी शिकायत लोकेश ने विजिलेंस टीम से की थी। आज बुधवार को विजिलेंस की टीम ने रोहटा रोड से महेंद्र को रिश्वत के पैसों के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। बताया गया कि रोहटा रोड पर महेंद्र सिंह का मकान है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि विजिलेंस टीम इंस्पेक्टर महेंद्र के खिलाफ पर रिपोर्ट दर्ज करा रही है।
