मेरठ: दरोगा पर वकील को धमकाने और रिश्वत मांगने का आरोप, मेरठ बार एसोसिएशन ने एसएसपी से की शिकायत
मेरठ। जनपद के थाना लोहिया नगर क्षेत्र में एक अधिवक्ता और जिला पंचायत सदस्य पद के भावी प्रत्याशी को पुलिस द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित करने और झूठे मुकदमे में फंसाने का गंभीर मामला सामने आया है। मेरठ बार एसोसिएशन के सदस्य हाशिम मेवाती एडवोकेट ने फफूंडा पुलिस चौकी के दरोगा (एसओआई) रामसमझ राणा पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत भेजी है।
हाशिम मेवाती का आरोप है कि आगामी जिला पंचायत चुनाव में उनकी दावेदारी से रंजिश रखने वाले कुछ स्थानीय तत्वों के साथ मिलकर दरोगा उन्हें चुनाव न लड़ने के लिए धमका रहे हैं। अधिवक्ता के अनुसार, 26 फरवरी 2026 की शाम उन्हें चौकी पर बुलाकर उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। आरोप है कि दरोगा ने उनके खिलाफ बुलंदशहर निवासी किसी व्यक्ति की तहरीर पर मेरठ के लोहिया नगर थाने में धारा 191(2), 127(2), 115(2), 352 और 351(2) के तहत एक फर्जी मुकदमा पंजीकृत करा दिया है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि दरोगा रामसमझ राणा ने उनसे मुकदमे में राहत देने के नाम पर 5 लाख रुपये की अवैध धनराशि की मांग की है और पैसे न देने पर जेल भेजने की धमकी दी है। अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि दरोगा ने उनके साथ मारपीट की कोशिश की और उन्हें समाज में बदनाम करने के उद्देश्य से उनके घर जाकर अभद्र व्यवहार किया।
इस मामले को लेकर मेरठ बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन के महामंत्री परवेज आलम ने एसएसपी मेरठ को पत्र लिखकर इस पूरे प्रकरण में संज्ञान लेने और आरोपी पुलिसकर्मी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अधिवक्ता ने अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए निष्पक्ष जांच की अपील की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां