मेरठ साउथ स्टेशन के पास फैक्ट्री का ताला तोड़ सवा तीन लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बेखौफ बदमाश
मेरठ। जिले के दिल्ली रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। मेरठ साउथ रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक फ्लोर मिल मशीनरी फैक्ट्री को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने सवा तीन लाख रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाश दिल्ली नंबर की कार से फरार होते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिठानी निवासी राजकिरण की दिल्ली रोड पर 'मूर्ति फ्लोरिंग इंजीनियरिंग' नाम से फैक्ट्री है, जहाँ फ्लोर मिल मशीनों के पार्ट्स बनाए जाते हैं। 24 फरवरी की देर रात करीब चार से पांच नकाबपोश बदमाश दिल्ली नंबर की एक कार से फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंचे। बदमाशों ने पाइप रिंच की मदद से गेट का ताला तोड़ा और फैक्ट्री के भीतर दाखिल हो गए।
बदमाशों ने बड़ी इत्मीनान से फैक्ट्री के अंदर रखे पीतल और एल्यूमिनियम के कीमती पार्ट्स, मशीनों का जरूरी सामान और कार्यालय की तिजोरी में रखी 25 हजार रुपये की नकदी समेट ली। इतना ही नहीं, आरोपी फैक्ट्री के मंदिर में रखा चांदी का सिक्का और एल्यूमिनियम टैग भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दिल्ली की ओर भाग निकले। सुबह जब संचालक और कर्मचारी फैक्ट्री पहुंचे, तो गेट का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती पार्ट्स गायब थे।
घटना की सूचना पर पहुंची परतापुर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपियों की कार का नंबर स्पष्ट नजर आ रहा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि उक्त वाहन दिल्ली निवासी एक महिला के नाम पर पंजीकृत है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और वाहन मालिक के जरिए बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस दुस्साहसिक चोरी के बाद स्थानीय उद्यमियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की है।
ये भी पढ़ें बिजनौर: कमिश्नर आनंजय कुमार ने ग्राम चौपाल में परखी विकास कार्यों की हकीकत, खाली रजिस्टर देख बिफरे
आपका विश्वास, हमारी ताकत! 🙏
फेसबुक पर 53 मिलियन और इंस्टाग्राम पर 26 मिलियन व्यूज के बाद, अब रॉयल बुलेटिन आ गया है आपके व्हाट्सएप पर। बिना किसी शोर-शराबे के, केवल महत्वपूर्ण और सच्ची खबरें सीधे आपके फोन पर।
हमसे अभी जुड़ें:
https://whatsapp.com/channel/0029Va5FkeECBtx7j1Kk9T3Z
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां