मेरठ मेडिकल कॉलेज में इम्युनोहिमेटोलॉजी और ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग में डीएनबी की दो नई सीटें
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता के नेतृत्व में नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। मेडिकल कॉलेज मेरठ के इम्युनोहिमेटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग में डीएनबी (परास्नातक) पाठ्यक्रम में दो सीट एनबीई एमएस बोर्ड भारत सरकार द्वारा आवंटित की गई है।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि उक्त विभाग में परास्नातक पाठ्यक्रम की सीट्स आवंटित किए जाने हेतु निरंतर प्रयास किये जा रहे थे। निरंतर प्रयासों के बाद इस वर्ष एनबीईएमएस बोर्ड ने परास्नातक पाठ्यक्रम हेतु डीएनबी की दो सीट आवंटित की है जो मेडिकल कॉलेज के लिए एक नयी उपलब्धि है।
इम्युनोहिमेटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा सिंह ने बताया कि विभाग में दो डीएनबी सीट आने से विभाग और उन्नति करेगा एवं मरीजों का उपचार करने में बहुत सहायता मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज उप प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टाँक, सरदार वल्लभभाई पटेल चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान, प्रभारी अधिकारी डॉ. गौरव गुप्ता व डॉ. प्रेम प्रकाश, मीडिया प्रभारी डॉ. अरविन्द कुमार तथा डॉ. राहुल सिंह एवं संकाय सदस्यों ने विभागाध्यक्ष को बधाई प्रेषित की एवं विभाग के उज्जवल भविष्य की कामना की।
