सर्वसम्मति से रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए जयंत चाैधरी, बोले- रालोद मेरे घर की पार्टी नहीं, यह आपकी, मैं खुद कार्यकर्ता
मथुरा के कोसीकलां में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का राष्ट्रीय अधिवेशन रविवार को संपन्न हुआ। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी इस अवसर पर मौजूद रहे। अधिवेशन में 14 प्रदेशों के अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से अगले तीन वर्षों के लिए जयंत चौधरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद जयंत चौधरी ने कहा, "मथुरा के लोगों ने जिस तरह साथ दिया, उसे कभी नहीं भूलूंगा। यह आशीर्वाद ही है कि मैं फिर अध्यक्ष बना।" उन्होंने एनडीए की सराहना करते हुए कहा कि बिहार के नतीजों ने साबित किया कि एनडीए सरकार में हर वर्ग सुरक्षित महसूस कर रहा है।
किसानों के हितों पर बात करते हुए जयंत चौधरी ने कहा, "योगी सरकार किसानों की सरकार है। सीएम योगी ने गन्ने का मूल्य बढ़ाया। मैं छाता की चीनी मिल को चालू कराने के लिए समर्पित हूं और सीएम से बात करूंगा।" उन्होंने यह भी बताया कि 2027 चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती का वर्ष होगा, जो पार्टी के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
रालोद उत्तर प्रदेश की चौथी सबसे बड़ी पार्टी है। वर्तमान में पार्टी के पास लोकसभा में 2 सांसद, राज्यसभा में 1 सदस्य (जयंत चौधरी), विधानसभा में 9 विधायक, एक मंत्री, विधान परिषद में 1 एमएलसी और 2 आयोगों में सदस्य हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में जयंत चौधरी को स्वतंत्र प्रभार मिला है, जो 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद एनडीए गठबंधन में शामिल होने का परिणाम है।
