मुरादाबाद में सनसनीखेज वारदात: युवक ने मां और बहन पर किया धारदार हथियार से हमला, बहन की मौत, मां गंभीर
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी ही मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार स्थित आर्यन स्कूल के पास की है। बताया जा रहा है कि मृतका हिमा शिखा होली की छुट्टियां मनाने के लिए अपने भाई हार्दिक के साथ घर आई थी। घर में मां नीलिमा शर्मा के साथ परिवार के तीनों सदस्य मौजूद थे।
सूत्रों के मुताबिक होली की छुट्टियां खत्म होने के बाद हिमा शिखा और उसकी मां नीलिमा शर्मा के वापस नौकरी पर लौटने को लेकर घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक हार्दिक ने गुस्से में आकर अपनी मां और बहन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में हिमा शिखा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी, जबकि मां नीलिमा शर्मा भी बुरी तरह लहूलुहान हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से कार लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल मां-बेटी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हिमा शिखा को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीलिमा शर्मा का इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां