“इकरा हसन से निकाह क़बूल है” कहने वाला करणी सेना का योगेन्द्र राणा गिरफ़्तार, पुलिस से की हाथापाई
Yogendra rana arrested moradabad: कैराना की सपा सांसद इकरा हसन पर अभद्र टिप्पणी कर चर्चा में आए करणी सेना के उपाध्यक्ष ठाकुर योगेंद्र सिंह राणा को मुरादाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि यह गिरफ्तारी इकरा हसन वाले मामले में नहीं, बल्कि गुरुवार रात पेट्रोल पंप पर किए गए उत्पात, पुलिस से मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में की गई है। बताया जाता है कि राणा रात में अपने 7-8 साथियों के साथ दिल्ली रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर हंगामा कर रहा था।
पीआरवी टीम पर हमला, पुलिसकर्मियों को पीटा
जब यहां झगड़े की सूचना पर पुलिस की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची, तो शराब के नशे में चूर राणा ने उनसे भी बदसलूकी शुरू कर दी। देखते ही देखते उसने पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख अन्य पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन राणा और उसके साथी लगातार आक्रामक रुख अपनाते रहे।
चौकी इंचार्ज से भिड़ंत और पिस्टल छीनने की कोशिश
लाइनपार चौकी इंचार्ज शिव कुमार वशिष्ठ जब अपनी टीम के साथ पहुंचे, तो राणा ने उन पर भी हमला बोल दिया। हद तो तब हो गई, जब उसने चौकी इंचार्ज की पिस्टल छीनने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों पर इस तरह का हमला मामले को बेहद गंभीर बना गया। इसके बाद अतिरिक्त फोर्स बुलाया गया, लेकिन स्थिति गर्म देखते हुए राणा अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
दो साथी हिरासत में, राणा भाग निकला
पुलिस ने मौके पर मौजूद दो लोगों योगेंद्र कुमार राणा पुत्र पृथ्वी सिंह निवासी पीतल नगरी समरधाम और अंश शर्मा पुत्र क्रांति प्रसाद निवासी बरवलान कटघर को हिरासत में ले लिया। दोनों को थाने ले जाया गया, जबकि मुख्य आरोपी योगेंद्र राणा भाग निकला। बाद में पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
इकरा हसन पर विवादित बयान फिर चर्चा में
19 जुलाई को राणा ने एक वीडियो जारी कर सपा सांसद इकरा हसन के बारे में अभद्र और निजी टिप्पणी की थी। वीडियो में उसने कहा था कि इकरा हसन अविवाहित हैं और वह भी उनसे कम खूबसूरत नहीं है। उसने दावा किया कि उसके पास घर, मकान, जमीन-जायदाद सब कुछ है और वह इकरा से निकाह करना चाहता है। इतना ही नहीं, उसने कहा था कि ओवैसी बंधु उसे ‘जीजा’ कहकर बुलाएँगे। वीडियो में उसने तीन बार ‘निकाह कबूल है’ का नारा लगाकर बयान को और उकसावे वाला बना दिया था।
राणा के पुराने विवाद भी आए चर्चा में
योगेंद्र राणा खुद को करणी सेना का उपाध्यक्ष बताता है और मुरादाबाद की कुंदरकी सीट से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह का करीबी माना जाता है। जमीन कब्जा मामलों में भी उसका नाम कई बार सामने आ चुका है। विवादित बयानों को लेकर कई एफआईआर दर्ज हुईं, लेकिन उसकी गिरफ्तारी पहले कभी नहीं हुई। पेट्रोल पंप पर गुंडई और पुलिसकर्मियों पर हमले के बाद आखिरकार उस पर कार्रवाई हो ही गई।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां