उत्तम नगर हत्या मामले में आरोपी के खिलाफ एमसीडी की तरफ से बुलडोजर कार्रवाई, एक नाबालिग सहित 7 गिरफ्तार
होली के दिन हुई थी हत्या
नई दिल्ली। दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई युवक की हत्या के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। एमसीडी की टीम ने मुख्य आरोपी निजामुद्दीन के अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बीच पुलिस ने मामले में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं और एक नाबालिग सहित अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान हुई झड़प में कुल आठ लोग घायल हुए थे। इनमें एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग शामिल हैं।
घायलों में से अधिकांश को उसी दिन अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। बता दें कि यह घटना बुधवार को उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में हुई थी। बताया जा रहा है कि एक हिंदू परिवार की 11 वर्षीय बच्ची अपनी छत से होली खेल रही थी। इसी दौरान उसके द्वारा फेंका गया एक गुब्बारा नीचे से गुजर रही मुस्लिम समुदाय की एक महिला को लग गया। बच्ची के परिवार का कहना है कि उन्होंने तुरंत माफी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने 26 वर्षीय तरुण कुमार को घेर लिया और क्रिकेट बैट, लाठियों तथा पत्थरों से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तरुण कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
तरुण की मौत के बाद शुक्रवार को इलाके में तनाव काफी बढ़ गया। एक हिंदू राजनीतिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दो वाहनों एक कार और एक मोटरसाइकिल, में आग लगा दी, जबकि कई अन्य गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। उत्तम नगर मेट्रो स्टेशन, स्थानीय थाने और हस्तसाल कॉलोनी के बाहर लगातार दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़कों को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। तनाव को देखते हुए इलाके की कई दुकानों को एहतियातन बंद रखा गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों परिवार मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और 1960 के दशक से एक-दूसरे को जानते हैं। पुलिस का कहना है कि मामला पूरी तरह सांप्रदायिक नहीं है, बल्कि दोनों परिवारों के बीच कूड़ा, पानी और पार्किंग को लेकर पुरानी रंजिश भी रही है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां