मुरादाबाद में सर्राफ की दुकान में 'सफाई' से हाथ मार गई महिला, साथी ने बातों में उलझाया, वीडियो वायरल
पाकबड़ा के अंगूर वाली मस्जिद के पास की घटना, महिला ने कपड़ों में छिपा ली ज्वेलरी
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद अंतर्गत पाकबड़ा थाना क्षेत्र से चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर महिला ने अपने पुरुष साथी के साथ मिलकर एक सर्राफ (स्वर्णकार) की दुकान पर दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला पाकबड़ा की अंगूर वाली मस्जिद के समीप स्थित एक ज्वेलरी शॉप का है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक महिला और एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल होते हैं। युवक ने बेहद शातिर तरीके से दुकानदार को पाजेब के अलग-अलग डिजाइन दिखाने के लिए कहा और उसे लगातार बातचीत में उलझाए रखा। दुकानदार जब एक के बाद एक डिब्बे खोलकर पाजेब दिखा रहा था, तभी महिला ने मौका ताड़ लिया। जैसे ही सर्राफ का ध्यान दूसरी तरफ हुआ, महिला ने काउंटर पर रखी चांदी की भारी पाजेब को चुपके से उठाकर अपने कपड़ों के भीतर छिपा लिया। इस दौरान उसके चेहरे पर रत्ती भर भी घबराहट नहीं दिखी।
सीसीटीवी से खुला राज
चोरी करने के कुछ ही देर बाद दोनों आरोपी बड़ी ही सामान्य तरीके से दुकान से बाहर निकल गए। दुकानदार को उस वक्त भनक भी नहीं लगी कि उसका कीमती सामान गायब हो चुका है। बाद में जब स्टॉक का मिलान किया गया और पाजेब कम मिली, तब सर्राफ के होश उड़ गए। तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिला की यह करतूत साफ तौर पर नजर आ गई।
ये भी पढ़ें मेरठ में रिश्तों का शर्मनाक अंत, 17 साल के भतीजे ने चाची को मारी गोली; मवाना थाने में किया सरेंडरपुलिस की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के जरिए महिला और उसके साथ आए युवक के हुलिए की पहचान की जा रही है। स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां