सहारनपुर में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से दो युवकों की मौत, दो घायल
सहारनपुर। सहारनपुर जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव देवला के पास बीती देर रात कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें जोनी (25) निवासी मुल्ला नगराजपुर और मोनू (26) निवासी शकलापुरी की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। जानकारी के मुताबिक मोनू, अंकुल, आशु निवासी शकलापुरी और जोनी बाइक पर मुल्ला नगराजपुर गांव से घर लौट रहे थे। गांव देवला के पास सहारनपुर की तरफ से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने से चारों सड़क पर गिर गए।
लोगों की भीड़ लग गई। राहगीरों की मदद से उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोनू और जोनी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंकुल व आशु को जिला अस्पताल भेजा गया। आशु की हालत गंभीर होने के चलते चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अंकुल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मोनू की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। दो बच्चे हैं। इनमें एक चार साल का बेटा और तीन साल की बेटी है। जोनी के तीन बच्चे हैं। दो बेटे और एक आठ साल की बेटी है। दोनों टाइल्स पत्थर का काम करते थे। कार चालक मौका देखकर कार को छोड़कर वहां से भाग निकला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को कब्जे में लिया। इसके साथ ही चालक की तलाश शुरू कर दी है।
