सहारनपुर: सीएम योगी के दौरे से पहले युवा कांग्रेस, शिक्षक संघ और भाकियू के नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट

सहारनपुर। जिला प्रशासन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम को शांति पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के मद्देनजर युवा कांग्रेस, शिक्षक संघ व भाकियू के पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट किया, जिसके चलते इन संगठनों के कार्यकर्ताओं में व्यापक रोष दिखायी दिया।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सहारनपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आये थे, जिसमें उन्होंने पंजाब, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के बाढ़ पीड़ितों के लिए आपदा राहत सामग्री से भरे 38 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में युवा कांग्रेस, शिक्षक संघ व भाकियू के पदाधिकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपने की घोषणा की थी, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने एक ओर जहां युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा को उनके आवास विकास स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट लिया।
जिसकी सूचना मिलते ही कांग्रेस के नेता उनके आवास पर पहुंचे। गौरव वर्मा ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर अपने विरोधियों के शांतिपूर्ण आंदोलन और कार्यक्रमों को बाधित कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है, जो कि संविधान के विरुद्ध है। इस दौरान पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, जिला उपाध्यक्ष वरुण शर्मा, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, पीसीसी सदस्य अक्षय चौधरी, अनिरुद्ध गुरुंग, राजीव बत्रा, राजन बिरला, शार्दुल चौहान, सोनू, अंकुर शर्मा आदि शामिल रहे।
उधर, पुलिस ने लेबर कॉलोनी पहुंचकर उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डाू.अशोक मलिक को हाउस अरेस्ट कर लिया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक मुनीश चन्द्र ने डॉ.अशोक मलिक से उनका ज्ञापन लेकर उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रदेश सचिव अमजद अली, जिलाध्यक्ष केपी सिंह, महानगर अध्यक्ष गययूर आलम, अजय सिंह रावत, दिनेश रुपडी, महताब अली, ईश्वर चंद फौजी, हंस कुमार, हरेंद्र कुमार, राम प्रकाश, अनिकेत, वैभव श्रीमती सुषमा, पूजा धीमान, श्रीमती प्रिया कवात्रा, कुमारी नैना कुमारी, शिवानी, श्रीमती डिंपल सरिता आदि उपस्थित रहे। इसके अलावा बेहट पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष सैनी को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया।