सहारनपुर। टपरी-नागल मार्ग पर गांव लाखनौर के पास बाइक से टकराकर टैंपो पलट गया। इसमें रमेश (53) और प्रेम सिंह (64) निवासी हलालपुर की मौत हो गई। दोनों सगे भाई थे। हादसे में दो महिला समेत छह लोग घायल हुए है। इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव हलालपुर से परिवार टेंपो में भात लेकर देवबंद के फतेहपुर गांव में जा रहा था। इसमें एक ही परिवार के करीब छह लोग थे। इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थी। जानकारी के अनुसार
टपरी-नागल मार्ग पर लाखनौर गांव के पास बाइक और टेंपो में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही टेंपो पलट गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही राहगीर सभी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां हलालपुर निवासी रमेश और प्रेम सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि पंकज, अशोक, मिंटू, निकिता, रजनीश और रेखा को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गथा। पंकज, मिंटू और रजनीश बाइक पर थे। रेखा की हालत गंभीर होने के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया। पता लगते ही परिजन और पुलिस भी अस्पताल में पहुंच गई। रमेश और प्रेम सिंह दोनों सगे भाई थे। वह हलालपुर स्थित नल बनाने की फैक्टरी में काम करते थे।