सहारनपुर (तल्हेडी बुजुर्ग)। बुखार से पीड़ित नौजवान एक युवक की सऊदी अरब से लौटते वक्त हवाई जहाज में तबियत बिगड गई। उसे बेंगलुरू एयरपोर्ट पर उतारा गया और एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गमगीन माहौल में मृतक युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक राहुल पुत्र स्वर्गीय प्रीतम निवासी तल्हेडी बुजुर्ग (25 वर्ष) पिछले करीब आठ महीनों से सऊदी अरब में कार ड्राइवर का कार्य कर रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह बुखार से पीड़ित था। जिसके कारण वह घर वापिस लौट रहा था। परिजनों के अनुसार जिस हवाई जहाज में वह सवार था उसमें अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई जिसके कारण जहाज के कर्मचारियों द्वारा उसे बेंगलोर के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक युवक बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था और विगत फरवरी माह में ही उसकी शादी हुई थी। मृतक युवक का शव गांव पहुंचने पर परिजनों व ग्रामीणों में गम का माहौल छाया रहा। गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक राहुल के पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। वह चार बहन-भाइयों में सबसे छोटा था।