सहारनपुर: कांग्रेस नेताओं को नजरबंद, भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन नाकाम
सहारनपुर। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन करने की घोषणा के मद्देनजर पुलिस ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष समेत वरिष्ठ पदाधिकारियों को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। बाद में कुछ कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय पर कूच करने का प्रयास किया, तो उसे भी पुलिस ने विफल कर दिया।
गौरतलब है कि जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा आज भाजपा पर सीबीआई का दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की थी, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने बीती रात ही जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी व प्रदर्शन से पूर्व मनीष त्यागी के निवास पर पहुंचे पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम, एआईसीसी सदस्य चौधरी मुजफ्फर अली तोमर, जिला उपाध्यक्षगण वरुण शर्मा, नितिन शर्मा व सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा और उनके साथ पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी आदि को घरों में ही नजरबंद कर दिया।
इसके बावजूद कुछ कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी के नेतृत्व में दिल्ली रोड स्थित कमिश्नर कार्यालय के पास एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए दिल्ली रोड स्थित भाजपा कार्यालय के लिए कूच किया। जिन्हें भाजपा कार्यालय की ओर बढते देख पुलिस ने भाजपा कार्यालय से लगभग 50 मीटर दूरी पर ही रोक लिया और उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया। कांग्रेसजनों अपने इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन को पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने का विरोध करते हुए जोरदार नारेबाजी की ।
प्रदर्शनकारियों में पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, अरविंद पालीवाल, सतपाल बर्मन, इमरान कुरेशी, भूपेंद्र सिंह सैनी, हरिओम मिश्रा, इकराम खान, नीरज कपिल, श्याम बिहारी शर्मा, मयंक शर्मा, सेवादल महानगर अध्यक्ष अनुज शर्मा, शर्मिष्ठा सिंह, शहनाज बेगम, अमित राठौर, राजन बिरला, संजय यादव, रवि जाटव, प्रभजीत सिंह, आरिफ मंसूरी, विक्की कुमार, अभिषेक सैनी, दीपक सैनी, आशीष सैनी, मनीष सैनी, देवेश सैनी, राजेंद्र सिंह, जैलसिंह लांबा, रामकुमार, महेश पाल सैनी आदि शामिल रहे।
