मुजफ्फरनगर में टाउनहाल में सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, कार्यालय में जमकर तांडव
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारी संघ कार्यालय में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दबंग संविदा कर्मचारी ने साथियों के साथ मिलकर संघ अध्यक्ष नीरज बिड़ला पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कार्यालय के भीतर जमकर तोड़फोड़ की और सरेआम संघ अध्यक्ष को गोली मारने की धमकी दी। इस घटना से आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने काम ठप कर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
पुरानी रंजिश और आपराधिक इतिहास का आरोप नीरज बिड़ला का आरोप है कि पराग बावरा आपराधिक छवि का व्यक्ति है और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। तहरीर में बताया गया कि पराग संघ की कार्यकारिणी का चुनाव कराने की मांग को लेकर काफी समय से रंजिश रख रहा है। इसी रंजिश के चलते उसने सरेआम नीरज बिड़ला को गोली मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी नियमों का पालन नहीं करता और आए दिन विवाद पैदा कर संघ की छवि खराब करने की कोशिश करता है।
पुलिस की जांच और हड़ताल की चेतावनी घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त सामान और वहां मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। दूसरी ओर, सफाई कर्मचारी संघ ने इस हमले पर गहरा रोष व्यक्त किया है। अध्यक्ष नीरज बिड़ला ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई, तो सफाई कर्मचारी पूरे शहर में कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर देंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। फिलहाल आरोपी मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
