मुजफ्फरनगर में अमीगढ़ पुलिया के पास भीषण हादसा: चरथावल मार्ग पर पेड़ से टकराई कार के उड़े परखच्चे: दो युवक गंभीर रूप से घायल
कार के अनियंत्रित होने के बाद हुआ हादसा, पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया
मुजफ्फरनगर। चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा उस समय हो गया, जब अमीगढ़ पुलिया के पास एक तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सीधे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शहर कोतवाली क्षेत्र के सुजूडू निवासी काशीफ (पुत्र फुरकान) और जैद (पुत्र शाहनवाज) दोनों युवक कार में सवार होकर किसी काम से जा रहे थे, जब वह चरथावल मार्ग पर अमीगढ़ पुलिया के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार होने के कारण अचानक अनियंत्रित हो गई और सडक के किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार के परखच्चे उड़ गये। हादसे के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर और ग्रामीण तुरंत मदद के लिए मौके पर दौड़े।घटना की सूचना मिलते ही चरथावल कस्बा चौकी प्रभारी आयुष्मान शर्मा और कांस्टेबल राहुल गिरी बिना समय गंवाए पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहन को किनारे करवाया और यातायात सुचारू किया। घायलों को समय रहते उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थी, दुर्घटना के सही कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। श्री पाल से 9899067251 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां