मुज़फ्फरनगर में ₹30 की गन्ना मूल्य वृद्धि पर सियासत गरमाई, कांग्रेस अध्यक्ष बोले - किसानों के साथ छलावा
कांग्रेस शहर कमेटी अध्यक्ष रंजन मित्तल ने ₹30 की वृद्धि को नाम मात्र की बताया। उन्होंने इस मौके पर केंद्र की मोदी सरकार को किसानों की आय दोगुनी करने का वादा याद दिलाया। मित्तल ने कहा कि सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन यह लक्ष्य अभी तक अधूरा है। उन्होंने मांग की कि यदि किसानों की आय सचमुच दोगुनी करनी है, तो गन्ना मूल्य में ₹100 की और वृद्धि होनी चाहिए।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष रंजन मित्तल ने बताया कि गन्ना मूल्य में यह बढ़ोतरी कई साल के अंतराल के बाद की गई है। उन्होंने 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए किसानों की आय दोगुनी करने के वादे का संदर्भ दिया। उन्होंने तर्क दिया कि यदि उस वादे के अनुसार हर साल 10.4 प्रतिशत मूल्य में वृद्धि होती, तो 6 साल में किसानों की आय दोगुनी हो जाती।
उन्होंने मौजूदा स्थिति पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि 2016 के इंडेक्स के मुकाबले, किसानों की 25 प्रतिशत आमदनी भी नहीं बढ़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के समय में महंगाई का इंडेक्स देखा जाए, तो किसानों को जो दिया गया है वह कुछ भी नहीं है। जो ₹30 बढ़ाए गए हैं, वह महंगाई के दौर में रेट ऑफ इन्फ्लेशन से भी कम है।
कांग्रेस नेता रंजन मित्तल ने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि चूँकि रालोद अब भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन में है, इसलिए वह मज़बूरी में सरकार के इस फैसले का समर्थन कर रही है।
