आगरा में बेटे ने पिता की हत्या कर शव को यमुना में फेंका, आरोपी हिरासत में; शव की तलाश जारी
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में थाना कमला नगर क्षेत्र में एक युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी और फिर शव को बोटी (बोरे) में भरकर स्कूटी से ले जाकर यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस अब नदी में शव की तलाश में जुटी हुई है।
विवाद के बाद छाती पर मारी लात
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि वाटर वर्क्स लाल मस्जिद के पास रहने वाले मनीष का अपने पिता भरत सिंह से अक्सर विवाद होता रहता था। भरत सिंह पिछले करीब 20 साल से पत्नी रानी से अलग रह रहे थे, लेकिन कभी-कभार घर आकर गाली-गलौज करते थे, जिसका मनीष विरोध करता था।
शुक्रवार की सुबह भरत सिंह फिर घर आए और बाप-बेटे के बीच तकरार बढ़ गई। विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसमें भरत सिंह जमीन पर गिर गए। गुस्से में मनीष ने अपने पिता की छाती पर लात मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्कूटी से ले जाकर फेंका शव
पिता की हत्या के बाद बेटे मनीष ने शव को छिपाने की योजना बनाई। उसने शव को एक बोरे में भरा और अपनी स्कूटी पर रखकर यमुना नदी के किनारे ले गया। वहाँ उसने शव को यमुना में फेंक दिया और चुपचाप वापस घर आ गया।
हत्या की सूचना किसी ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। शनिवार सुबह पुलिस ने मनीष को हिरासत में लिया। उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने पिता की हत्या और शव को यमुना में फेंकने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को बरामद करने के लिए यमुना नदी में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
