मुजफ्फरनगर पहुंचे संजय जोशी बोले-"सत्ता की लालसा में विपक्ष को हो गया है पीलिया, अब उन्हें सब कुछ पीला नज़र आता है"

मुज़फ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय विनायक जोशी शनिवार को मुज़फ्फरनगर स्थित ब्रह्मपुरी कॉलोनी पहुंचे। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर अरुण सिंह के आवास पर उनके पिता रोहतास सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे।
शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद मीडिया से बातचीत में संजय जोशी ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल दिन में सत्ता के तारे गिन रहे हैं और चांद देखने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, "उन्हें सत्ता प्राप्ति का पीलिया हो गया है, अब उन्हें सब कुछ पीला ही नज़र आता है।"
संजय जोशी ने भारत की तुलना पड़ोसी देशों से करते हुए कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था बांग्लादेश और नेपाल जैसे देशों से कहीं अधिक मजबूत और सुदृढ़ है। उन्होंने कहा कि यहां सरकार जनभावनाओं के आधार पर निर्णय लेती है।
उन्होंने विपक्ष के उस आरोप को भी खारिज किया जिसमें सरकार को तानाशाही बताया जा रहा है। संजय जोशी ने कहा, "भारत में जो उपराष्ट्रपति के चुनाव हुए, वे पूरी तरह निष्पक्ष रहे हैं। विपक्ष बार-बार सवाल खड़ा करता है, लेकिन प्रमाण कुछ नहीं देता।"
वोट चोरी के आरोपों पर भी उन्होंने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने विपक्ष को नोटिस दिया है, लेकिन उसका जवाब तक नहीं दिया गया है।
भाजपा के आगामी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि निर्धारित समय यानी 'योग' के समय पर चुनाव होगा।