DGCA New Rules: अब फ्लाइट में एक ही PNR पर मिलेगी साथ-साथ सीट, नहीं देना होगा एक्स्ट्रा चार्ज

नयी दिल्ली। एक ही पीएनआर पर बुक कराये गये टिकट पर अब यात्रियों को फ्लाइट में एक साथ सीट देना अनिवार्य कर दिया गया है।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने सभी विमान सेवा कंपनियों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि कम से कम 60 प्रतिशत सीटों का आवंटन बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के करना अनिवार्य होगा। साथ ही एक ही पीएनआर पर बुक कराये गये टिकट के लिए यात्रियों को एक साथ सीट देनी होगी, जहां तक संभव हो उन्हें अगल-बगल की सीट प्रदान करने के लिए कहा गया है।
आमतौर पर ऐसी बहुत सारी घटनाएं सामने आयी हैं जिनमें एक ही परिवार के लोगों को एक ही पीएनआर पर बुक कराये गये टिकट पर काफी दूर-दूर बैठने के लिए सीट आवंटित की जाती थी जिससे लोगों को परेशानी होती थी। एयरलाइंस एक साथ पसंदीदा सीट के चयन पर मोटा शुल्क वसूलती थीं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि उसने डीजीसीए के माध्यम से यह निर्देश जारी किया है ताकि यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखा जा सके। यह यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उसके सतत प्रयासों का एक हिस्सा है।
निर्देश में कहा गया है कि सुरक्षा और परिचालन संबंधी नियमों का ध्यान रखते हुए खेल उपकरणों और वाद्य यंत्रों को फ्लाइट में ले जाने के लिए पारदर्शी और यात्री-अनुकूल व्यवस्था की जानी चाहिये। एयरलाइंस को निर्देश दिए गए हैं कि वे पालतू जानवरों को फ्लाइट में ले जाने के बारे में भी स्पष्ट और पारदर्शी नीति तैयार करें।
डीजीसीए ने विमान सेवा कंपनियों से यात्रियों के अधिकार संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है, विशेषकर उन मामलों में जहां फ्लाइट में देरी हुई हो या फ्लाइट रद्द हुई हो या फिर यात्री को कंफर्म टिकट होने के बावजूद बोर्डिंग से मना किया गया हो।
विमान सेवा कंपनियों को अपनी वेबसाइट, मोबाइल एप, अन्य बुकिंग प्लेटफॉर्म और हवाई अड्डों पर मौजूद उनके काउंटरों पर यात्रियों के अधिकारों को स्पष्ट रूप से दिखाना होगा। निर्देश दिया गया है कि क्षेत्रीय भाषाओं में भी यात्रियों के अधिकारों की उन्हें जानकारी दी जाये।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां