नोएडा में पटाखा विवाद ने लिया रंग, रिटायर्ड फौजी की ईंट से हत्या



थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम मुतैना में दीपावली की रात 11 बजे के करीब पटाखा फोड़ने को लेकर रिटायर्ड फौजी सतपाल पुत्र छतर सिंह उम्र 62 वर्ष की उनके भतीजे सुभाष पुत्र रिशिपाल उम्र 37 वर्ष से विवाद हो गया। उनके अनुसार इसी बीच मौके पर सुभाष का भाई कुलदीप, कुलदीप की पत्नी बबली आदि पहुंच गए। इन लोगों ने सतपाल के साथ मारपीट की। सुभाष ने सतपाल के सिर पर ईट मारी।
वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर आज सुबह उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज का मामले की जांच कर रही पुलिस ने मंगलवार दोपहर बाद इस घटना में शामिल कुलदीप तथा उसकी पत्नी बबली को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि सुभाष और अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।