दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा ने पिता पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी
नोएडा। दिल्ली विश्वविद्यालय मे पढने वाली एक छात्रा ने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के थाना दादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पिता ने बलात्कार करने का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली एक छात्रा ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की है कि उसके पिता बचपन से ही उसके ऊपर गंदी नजर रखते हैं। वह हैवान व दरिन्दे किस्म के व्यक्ति हैं। छात्रा के अनुसार उसके पिता बचपन से उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे तथा उसके साथ गंदी तरह से छेड़छाड़ कर अपनी हवस का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे थे। यह बात उसने अपनी मां को बताई तो उसकी मां ने उसे पढ़ने के लिए मामा के घर मेरठ भेज दिया। पीड़ित के अनुसार 12वीं तक की पढ़ाई उसने अपने मामा के घर पर रहकर की। अब वह दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रही है।
पीड़िता के अनुसार 21 अक्टूबर को वह दीपावली का त्यौहार मनाने के लिए दादरी स्थित अपने माता-पिता के घर आई। उसके अनुसार शाम 6.30 बजे के करीब जब उसकी मां खाना बना रही थी तभी उसके पिता जबरदस्ती उसे पड़कर कमरे में ले गए, तथा गलत काम करने का प्रयत्न करने लगे।
पीड़िता के अनुसार उसके पिता ने खुद निर्वस्त्र होकर उसके कपड़े उतार दिए तथा उसके साथ बलात्कार का प्रयास करने लगे। पीड़िता के अनुसार उसने शोर मचाया तो उसकी मां मौके पर आ गई। वह निर्वस्त्र अवस्था में उसे वहां से निकालकर ले गई। पीड़िता के अनुसार उसका पिता वहां से उसे धमकी देकर भाग गया। उसके अनुसार उसने तथा उसकी मां ने सामाजिक लोक-लज्जा के चलते कुछ दिनों तक मुकदमा दर्ज नहीं करवाया। अब पीड़िता की शिकायत पर थाना दादरी पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। फरार दरिन्दे पिता की पुलिस तलाश कर रही है।
