नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर के जेवर विधानसभा क्षेत्र के रबूपुरा स्थित रामोत्सव ग्राउंड में में आज सांसद-विधायक खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। जिनमें मुख्य अतिथि सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा रहे। इस दौरान ग्रामीण प्रवेश से संबंधित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न खेलों में अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सांसद-विधायक खेल महोत्सव का शुभारंभ सांसद डॉ. महेश शर्मा और जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
इस मौके पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक हैं। आज के इस आयोजन में युवाओं का जोश देखकर स्पष्ट है कि जेवर की धरती न केवल विकास की मिसाल बन रही है, बल्कि खेलों के क्षेत्र में भी नई पहचान गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर क्षेत्र तीव्र गति से प्रगति की राह पर अग्रसर है। चाहे वह नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हो, फिल्म सिटी, लॉजिस्टिक हब या अब खेल के क्षेत्र में बढ़ते अवसर, हर दिशा में जेवर उत्तर प्रदेश का सबसे तेजी से विकसित होता क्षेत्र बन चुका है।
खेल महोत्सव में सांसद डा. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है कि भारत खेलों की महाशक्ति बने। आज जेवर की धरती पर जो परिवर्तन दिख रहा है, वह केवल उद्योग या इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं, बल्कि खेल,संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में भी नई दिशा तय कर रहा है। उन्होंने कहा कि रबूपुरा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिलता है और यह दिखाता है कि नए भारत का आत्मविश्वास गांव-गांव तक पहुँच चुका है।
इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष राज नागर, मंडल अध्यक्ष जेवर संजय रावत, मंडल अध्यक्ष रबूपुरा सुनील कुमार, मंडल अध्यक्ष दनकौर गजेंद्र वाल्मीकि, ब्लॉक प्रमुख जेवर मुन्नी देवी पहाड़िया, उप जिलाधिकारी जेवर अभय कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।