नोएडा एसटीएफ ने स्कूलों को धमकी देने वाले आरोपियों काे किया गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा । उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला की नोएडा विशेष कार्य बल (एसटीएफ) यूनिट ने ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि इन आरोपियों के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल नोएडा के विभिन्न स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल से जुड़े रिकवरी मेल में किया गया था।
नोएडा एसटीएफ अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्र ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि गत 23 जनवरी को गौतमबुद्धनगर के कई स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए थे। इस संबंध में नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच ग्रेटर नोएडा स्थित एसटीएफ नोएडा इकाई को सौंपी गई थी। जांच में सामने आया कि धमकी भरा ई-मेल अमेरिका से भेजा हुआ था, जबकि उससे जुड़ा रिकवरी ई-मेल बंगलादेश और भारत से लिंक पाया गया। तकनीकी पड़ताल में रिकवरी मेल का कनेक्शन थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी इलाके से जुड़ा मिला। इसी आधार पर एसटीएफ ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की कार्रवाई तथा जांच पड़ताल में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल और भारत के नागरिक शामिल हैं, जो गाजियाबाद के इंदिरापुरम और ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी क्षेत्र में रहकर कॉल सेंटर की आड़ में अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क संचालित कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से धमकी भरे ई-मेल से जुड़े रिकवरी मेल में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
एसटीएफ यह भी जांच कर रही है कि धमकी भरे ई-मेल और ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध है या नहीं। आरोपियों के खिलाफ सेंट्रल नोएडा सूरजपुर थाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, विदेशी कनेक्शन, बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट के जरिए की गई ट्रांजेक्शन की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कब से सक्रिय था और अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां