नोएडा। सीआरटी व स्वाट-2 और थाना सेक्टर-113 पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारत- इंग्लैंड टी-20 सेमी फाइनल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा लगवाने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ किया है। गैंग एक हाईराइज सोसाइटी के फ्लैट से सट्टेबाजी का नेटवर्क चल रहा था। पुलिस ने मौके से गैंग के सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों से 3 लैपटॉप, 3 टैबलेट, 32 मोबाइल फोन, प्रिंटर सहित अन्य सामान बरामद हुआ हैं। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि शुक्रवार को CRT/SWAT-2 टीम व थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस व इलेक्टॉनिक सर्विलांस की सहायता से संयुक्त कार्यवाही करते हुये अवैध रुप से चोरी छिपे बेटिंग ऐप के माध्यम से धोखाधडी कर पैसा हड़पने वाले 5 अभियुक्त विनय सहगल पुत्र अशोक कुमार सहगल, नवदीप सिंह पुत्र गुरमीत सिंह, राजीव शर्मा पुत्र सुभाष चन्द्र शर्मा, सलील सेठ पुत्र संजीव सेठ तथा देव कुमार पुत्र राम कुमार को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से बेटिंग में प्रयुक्त 3 लैपटॉप, 3 टेबलेट, 3 डेस्कटॉप, 32 मोबाइल फोन, 2 आईसी रिकॉर्डर, 4 अभिलेखीय स्लिप पैड, 2 नोटपैड, 3 असैमबल लाईन बाक्स, 1 सीपीयू, 1 प्रिन्टर/ स्कैनर, अन्य सामान व 8 हजार रुपये नकद बरामद हुआ है।
एडीसीपी ने बताया कि अभियुक्तों से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि इस पूरे गैंग का सरगना विनय सहगल है। इनके द्वारा बताया गया कि अभी जो वर्ल्ड कप T-20 के मैच चल रहे हैं तथा INDIA-ENGLAND के सेमीफाइनल मैच पर ZOOM APP व ZOOM AUDIO के माध्यम से आनलाईन और फोन कॉल के माध्यम से धोखाधड़ी एवं षडयन्त्र करके लोगों से सट्टे की खाई-बाड़ी करते हैं और लोगों का पैसा लगवाते हैं, और उस पैसे को फील्ड से एकत्र करके लाभ कमाते हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में विस्तार से जानकारी की जा रही है।
टिप्पणियां