ग्रेटर नोएडा में चलती रोडवेज बस में आग लगने पर चालक ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला
ग्रेटर नोएडा । गर्मियां शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र के ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बीच सड़क पर चलती रोडवेज बस अचानक आग के गोले में तब्दील हो गयी। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी पुलिस द्वारा शुक्रवार को दी गई। बस में आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी से आग बुझायी गयी। बीटा दो थाना क्षेत्र के अंतर्गत होंडा चौक के पास रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस के इंजन के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय बस में चालक के अलावा कोई यात्री मौजूद नहीं था। आग लगते ही चालक ने तुरंत बस रोककर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने से बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। प्राथमिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां